विशेष सत्र : CM योगी ने कहा- विपक्ष का सदन से गैरहाजिर रहना बापू का अपमान
लखनऊ, । महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर बुधवार से शुरू हुए विधानमंडल का विशेष सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज दो महापुरुषों की जयंती पर उनको नमन करता हूं। अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में आज सदन चर्चा कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा निर्धारित लक्ष्य विजन 2030 के 16 गोल उत्तर प्रदेश में लागू होने हैं, इस पर हम समान रूप कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आश्चर्य है कि सतत विकास लक्ष्य पर चर्चा की घड़ी आई है, उस समय विपक्ष का गैरहाजिर है। यह सदन की अवमानना के साथ गरीबों और बापू का भी अपमान है। गांधी जी ने जिन आदर्शों और मूल्यों को सबके सामने रखा आज कांग्रेस उसका बहिष्कार कर रही है। हमारे विपक्ष के मित्रों ने विकास से मुंह मोड़ा है, इसीलिए जनता भी उनका साथ नहीं दे रही है। गांधी ने कहा था कि कांग्रेस को खत्म कर देना चाहिए। उनको अनुमान था कांग्रेस का आने वाला नेत्रत्व कैसा होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। गांधी जी के सपने को आज जनता पूरा कर दिया है। जनता ने कांग्रेस का विसर्जन कर दिया है।
ये होंगे 16 सतत विकास लक्ष्य
संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा निर्धारित लक्ष्य विजन 2030 में गरीबी उन्मूलन, भुखमरी समाप्त करना, सबका स्वस्थ जीवन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, लैंगिक समानता, सुरक्षित जल व स्वच्छता का सतत प्रबंधन, किफायती, सतत एवं आधुनिक ऊर्जा, आर्थिक विकास, उद्यमिता अभिनवीकरण एवं अवस्थापना, असमानता कम करना, समावेशी एवं सुरक्षित शहर, सतत उपभोग एवं उत्पादन, जलवायु परिवर्तन, भूमि पर जीवन, शांतिपूर्ण एवं समावेशी संस्थाओं का निर्माण।
रचा जाएगा इतिहास
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर विधानमंडल का विशेष सत्र बुधवार सुबह से शुरू होकर 36 घंटे तक चलेगा। यह पहला अवसर है जबकि किसी खास अवसर पर सदन की कार्यवाही लगातार इतने लंबे समय तक चलेगी।