ग्रेटर नोएडा में निक्की मर्डर केस का आरोपी पति एनकाउंटर में घायल

Update: 2025-08-24 06:38 GMT

ग्रेटर नोएडा।

निक्की हत्याकांड में फरार चल रहा आरोपी पति विपिन आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। शुक्रवार देर रात पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें विपिन के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब पुलिस टीम आरोपी की घेराबंदी कर रही थी। विपिन ने खुद को बचाने के लिए भागने और पुलिस पर हमला करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में चली गोली उसके पैर में लगी।

मामले की पुष्टि करते हुए थाना सूरजपुर प्रभारी ने बताया कि निक्की की हत्या में मुख्य आरोपी उसके पति विपिन को लंबे समय से तलाशा जा रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। बीती रात हुई मुठभेड़ में उसे काबू में ले लिया गया।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले निक्की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। परिजनों ने पति विपिन पर हत्या का आरोप लगाया था। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर हत्या की असली वजह का पता लगाया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि पीड़िता को न्याय मिलेगा।

Similar News