बरेली में दर्दनाक सड़क हादसा, बड़ा बाईपास पर टैंकर से टकराई बोलेरो, पांच की मौत की पुष्टि हुई
सीबीगंज क्षेत्र में तीन वाहनों की भिड़ंत, बच्चों समेत तीन घायल, पहले से खड़े क्षतिग्रस्त टैंकर पर उठे सवाल
बरेली : जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम बड़ा बाईपास पर हुए भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। परधौली तिराहे के पास खड़े एक क्षतिग्रस्त टैंकर से तेज रफ्तार बोलेरो कार टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी. कि पीछे से आ रही बाइक भी कार में जा घुसी। इस दर्दनाक दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद बाईपास पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस टैंकर से यह हादसा हुआ, वह पहले से ही सड़क किनारे खड़ा था। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले इसी स्थान पर शीरे से भरे टैंकर और रोडवेज बस की टक्कर हुई थी, जिसके बाद क्षतिग्रस्त टैंकर को हटाया नहीं गया। इसी लापरवाही के चलते यह दूसरा बड़ा हादसा हो गया।
हादसे में बाइक सवार अटा कायस्थान निवासी 45 वर्षीय साहबजाद खां और 65 वर्षीय मुमताज खां की पहचान हो चुकी है। दोनों मछली पकड़ने के लिए जा रहे थे। वहीं बोलेरो सवार अन्य मृतकों की शिनाख्त देर रात तक नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहनों को समय पर न हटाने को हादसे की बड़ी वजह बताया है।