भगवन्त यादव संबाददाता
कुशीनगर के तमकुहीराज तहसील क्षेत्र में ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल के पास स्थित एक प्लॉट में सूखा कूड़ा एवं पत्ते जलाने की घटना सामने आई। इस दौरान कुछ जंगली पौधों के जलने से उठे धुएं के कारण विद्यालय के कई बच्चों को बेचैनी और सांस लेने में परेशानी होने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही एहतियातन बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सेवरही ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका तुरंत प्राथमिक उपचार किया। जांच के बाद अधिकांश बच्चों को स्वस्थ पाकर घर भेज दिया गया, जबकि कुछ बच्चों को अतिरिक्त सावधानी के तहत जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में सभी बच्चों को समुचित इलाज दिया गया और अब सभी बच्चे पूर्णतः स्वस्थ हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीएचसी सेवरही, ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल और जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति सामान्य एवं शांति व्यवस्था कायम पाई।
प्रशासन ने पूरे मामले की निगरानी शुरू कर दी है और आमजन से अपील की है कि खुले स्थानों पर कूड़ा या पत्ते न जलाएं, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।