शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद बोले- जनसंख्या बढ़ाना इतना ही जरूरी है तो मोहन भागवत खुद विवाह कर लें
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर तीखा कटाक्ष किया है। आरएसएस प्रमुख के तीन बच्चे पैदा करने वाले बयान से जुड़े सवाल पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि मोहन भागवत और उनके प्रचारक आगे आएं। विवाह करें और बच्चे पैदा कर जनसंख्या बढ़ाएं।
शंकराचार्य ने कहा कि एक तरफ सरकार कह रही है कि जनसंख्या का विस्फोट हो रहा है, उसे रोका जाए। दूसरी तरफ, ये लोग जनसंख्या बढ़ाने की बात करते हैं। अगर जनसंख्या बढ़ाना ही जरूरी है तो उन्हें खुद विवाह करके उदाहरण पेश करना चाहिए। जो चीज खुद नहीं कर सकते उसके लिए दूसरों पर दबाव नहीं बना सकते हैं। अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि उन पर लगाए गए यौन शोषण के आरोप सोची समझी साजिश है। कुछ लोग उनकी छवि धूमिल करना चाहते हैं।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती रविवार को बरेली पहुंचे। उन्होंने प्रेसवार्ता में कहा कि उत्तर प्रदेश में गो हत्या के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सनातन प्रेमियों को उम्मीद थी कि योगी सरकार बनने के बाद को गो हत्या में कमी आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अन्य राज्यों की अपेक्षा उत्तर प्रदेश में इन मामलों में लगातार वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री योगी के हस्ताक्षर से प्रदेशभर में बूचड़खाने चल रहे हैं, जिन्हें रोकने की बात उन्होंने कही थी। विदेश के माल में गो मांस खुलेआम बिक रहा है। यह उत्तर प्रदेश के लिए ये शर्मसार करने वाली बात है। संत समाज लोक कल्याण के लिए है ना कि राजनीति में आने के लिए।
उन्होंने कहा कि राजनीति के लिए राजनीति की शपथ और धर्म के लिए धर्म की शपथ लेनी होती है, लेकिन दोनों शपथ एक साथ नहीं ले जा सकती। एक संन्यासी किसी प्रदेश सरकार का नौकर नहीं हो सकता। आगामी विधानसभा चुनाव पर अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि जो लोग प्रदेश में गो हत्या को बंद कराएंगे, सनातन प्रेमियों को उन्हीं की सरकार चुननी चाहिए।
एक मई से करेंगे प्रदेश की सभी विधानसभा का भ्रमण
अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि प्रदेश में आगामी चुनाव को देखते हुए वह एक मई से प्रदेश की सभी विधानसभा का भ्रमण कर लोगों को जागरूक करेंगे और बताएंगे कि प्रदेश में ऐसी सरकार चुनें जो गो हत्या पर बंद कर सके।