चंदौली: निर्मोही पति ने लोहे के रॉड से पत्नी की निर्मम हत्या, हत्या कर शव 90 किमी दूर फेंका....

Update: 2026-04-06 01:29 GMT


रिपोर्ट: चंदौली ब्यूरो...

चंदौली: चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिछिया खुर्द गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। एक युवक ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को लगभग 90 किलोमीटर दूर पहाड़ी क्षेत्र में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पति एवं उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौतम कुमार खरवार, जो चंदौली बाजार स्थित एक कार शोरूम में फाइनेंस का कार्य करता है, ने शनिवार शाम अपनी 28 वर्षीय पत्नी सोनी की हत्या कर दी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पत्नी द्वारा उसकी मां के साथ मारपीट किए जाने पर वह आक्रोशित हो गया और पास में पड़े हैंडपंप के हत्थे से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने शव को चादर में लपेटकर बोरे में भरा और कार के माध्यम से दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र में ले जाकर खाई में फेंक दिया। इसके पश्चात उसने वाहन को सर्विसिंग हेतु एजेंसी में छोड़ दिया और घर लौट आया, जिससे किसी को संदेह न हो।मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका की बहनों को घटना पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान पांच वर्षीय पुत्र ने बताया कि उसके पिता उसकी मां को मारकर कार से ले गए थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शव को बरामद कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त वाहन एवं हथियार को भी कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

पड़ोसियों के अनुसार, दंपति के बीच पूर्व से ही विवाद की स्थिति बनी रहती थी तथा आरोपी आर्थिक तनाव से भी गुजर रहा था। वहीं, मृतका के परिजनों ने पूर्व में किसी गंभीर विवाद से इनकार किया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एसपी आकाश पटेल मयफोर्स पहुंचे और घटना प्रत्येक पहलुओं की फोरेंसिक टीम से जांच कराई। एसपी ने बताया कि प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।




 


Similar News