ग्रेटर नोएडा में थार का खौफ : डीजल भरवाकर भागा चालक, पीछा कर रहे युवक की बाइक को 10 KM तक घसीटा

Update: 2026-02-28 05:31 GMT


रिपोर्ट : विजय तिवारी

ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में स्थित एनटीपीसी कट के पास एक पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने और लापरवाही से वाहन चलाने की गंभीर घटना सामने आई है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में लेकर वाहन को जब्त कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर बिना नंबर प्लेट की काली थार गाड़ी पहुंची, जिसमें चालक ने डीजल भरवाया। डीजल भरने के बाद चालक ने भुगतान किए बिना ही अचानक वाहन को तेज रफ्तार से आगे बढ़ा दिया और वहां से दादरी बाईपास की दिशा में फरार हो गया।

घटना को देखकर पेट्रोल पंप पर मौजूद सेल्समैन कुलदीप शर्मा, निवासी Dadri, अपनी बाइक से वाहन का पीछा करने लगे ताकि चालक को रोका जा सके और डीजल का भुगतान कराया जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछा किए जाने के दौरान थार चालक ने तेज और लापरवाह तरीके से वाहन चलाते हुए सेल्समैन की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक थार के नीचे फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और बाइक को घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा।

बताया जा रहा है कि बाइक करीब 10 किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घिसटती बाइक से सड़क पर चिंगारियां निकलती देख राहगीर और अन्य वाहन चालक भी हैरान रह गए। कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर Noida Police सक्रिय हुई और थाना बादलपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 22 वर्षीय हर्ष पुत्र मनोज, निवासी जोली गांव, सिकंदराबाद, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा के मुताबिक, पेट्रोल पंप की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बादलपुर में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्ष को हिरासत में ले लिया है और घटना में प्रयुक्त थार कार को भी जब्त कर लिया गया है। पूरे घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर इस तरह की लापरवाही और भुगतान किए बिना फरार होने जैसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Similar News