हिंदू महासभा ने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष को किया नमन

Update: 2026-02-26 13:25 GMT


 

अयोध्या। अयोध्याधाम की सिद्धपीठ चंद्रद्वितेश्वर नाथ महादेव मंदिर एवं बाबा कृष्णमोहन दास आश्रम, रामघाट के संस्थापक तथा अखिल भारत हिंदू महासभा संत प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष साकेतवासी श्रीमहंत बाबा कृष्णमोहन दास महाराज की 17वीं पुण्यतिथि के अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर संतों, महंतों एवं हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में प्रातः काल धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। अयोध्या सहित विभिन्न प्रांतों से आए संत-महंतों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।

चंद्रद्वितेश्वर नाथ महादेव मंदिर एवं आश्रम के वर्तमान पीठाधीश्वर एवं वरिष्ठ हिंदू महासभा नेता महंत रविंद्र कुमार दास ने कहा कि उनके गुरुदेव अद्भुत प्रतिभा के धनी संत थे, जिन्होंने अपना जीवन गौसेवा एवं संत सेवा को समर्पित किया। उन्होंने अयोध्या धाम में एक विशाल आश्रम की स्थापना कर धर्म सेवा का विस्तार किया। उनके द्वारा स्थापित मठ आज भी समाज को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है। उनकी यश-कीर्ति सदैव अमर रहेगी।

उन्होंने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन में गुरुदेव का महत्वपूर्ण योगदान रहा और श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य, दिव्य एवं नव्य मंदिर निर्माण के साथ उनका सपना साकार हुआ। आज भले ही वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद सदैव हम सब पर बना रहेगा।

इस अवसर पर हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अधिवक्ता मनीष पांडेय ने कहा कि हम सभी उनके आदर्शों पर चलकर धर्म एवं समाज की सेवा करने का संकल्प लेते हैं।

कार्यक्रम का संचालन एवं आगंतुकों का स्वागत इंद्रासन ज्योतिष संस्थान, अयोध्या के ज्योतिषाचार्य पं. करुणा निधान गर्ग द्वारा किया गया। श्रद्धांजलि सभा के उपरांत संतों, श्रद्धालुओं एवं आम जनमानस के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य, विश्वविख्यात विजय राघव मंदिर के श्रीमहंत सिद्धबाबा नृसिंह दास, हिंदू महासभा प्रदेश उपाध्यक्ष महंत रामलोचन शरण उर्फ राजन बाबा, महंत उत्तम दास, हिंदू महासभा जिला महामंत्री चंद्रदास दीक्षित, ब्रजनंदन सिंह, अभय कुमार शर्मा, सोनू सिंह, गणेश शर्मा, युवराज त्रिपाठी, नागेंद्र प्रताप सिंह, गोविंद यादव, अधिवक्ता पांडेय बैच, नरेंद्र जी सहित अनेक संत-महंत एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Similar News