सीताराम गुप्ता
गिलौला। कस्बे में श्याम भक्तों की आस्था और उत्साह उस समय चरम पर दिखा जब श्याम फागण महोत्सव के पावन अवसर पर भव्य निशान शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। खाटू धाम से पावन प्रतीक के रूप में आए निशान के स्वागत को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
शनिवार सुबह 9 बजे श्री श्यामदेव मंदिर से विधिवत पूजन-अर्चन के साथ निशान शोभा यात्रा प्रारम्भ हुई, जो नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए सायं 6 बजे कार्यक्रम स्थल पहुँची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए बाबा श्याम के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया।
आयोजक श्री श्याम कमेटी, गिलौला के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत सायं 7 बजे से भव्य श्याम कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के प्रसिद्ध भजन गायक प्रस्तुति देंगे। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारी एवं स्थानीय श्रद्धालु सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
पूरे नगर में धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बना रहा और देर शाम तक भक्तों की भीड़ कार्यक्रम स्थल की ओर उमड़ती रही।