सपा में उदंड कार्यकर्ता : त्यागी ने सपा कार्यकर्ताओ पर निशाना साधा

Update: 2016-05-08 03:37 GMT
लखनऊ : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के महासचिव व सांसद केसी त्यागी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में महागठबंधन बनेगा, इसमें साथ कौन होगा, यह 12 मई को पिंडरा (वाराणसी) और 15 मई को लखनऊ सम्मेलन के बाद तय होगा।

समाजवादी पार्टी में अब वैचारिक नहीं, उदंड कार्यकर्ता रह गये हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार वर्ष 2019 के लिए प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं है।

शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में त्यागी ने कहा कि जद (यू) शराबबंदी, अवैध खनन और बिगड़ी कानून व्यवस्था के मुद्दे पर आंदोलन खड़ा करेगा, पिंडरा में राज्य कार्यकर्ता व लखनऊ में महिला सम्मेलन के साथ होगी। बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार इसमें हिस्सा लेंगे। कहा जद (यू) सांप्रदायिकता के विरोध में सभी दलों को गोलबंद करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदेश की जनता ने विकास के लिए भाजपा को 73 सांसद दिये थे, मगर उसने संविधान को दांव पर लगा दिया। लव जेहाद का मुद्दा खड़ा कर दिया। समाज बांटने की साजिश हो रही है। मगर लोकसभा चुनाव के समय किया गया वादा पूरा नहीं किया गया। कहा कि सम्मेलन में किसान आयोग के गठन की मांग भी की जाएगी।

शनिवार को प्रेस क्लब में किसान मंच के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रचार वाहन को रवाना करते जनता दल (यू) के प्रवक्ता केसी त्यागीकेसी त्यागी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास पहले की तरह अब प्रतिबद्ध व वैचारिक कार्यकर्ता नहीं है, उसके कार्यकर्ताओं में अधिकतर उदंड हैं। कानून व्यवस्था की राज्य में स्थिति अच्छी नहीं है। पिंडरा में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन में राज्य की कानून व्यवस्था के हाल पर चर्चा होगी। हालांकि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर टिप्पणी करने से गुरेज किया। कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा से उनकी लड़ाई नहीं है।

जद (यू) महासचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री को लेकर अरविंद केजरीवाल लगातार सवाल उठा रहे हैं, बावजूद इसके प्रधानमंत्री चुप्पी साधे हैं। इससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रधानमंत्री को सामने आकर स्थिति साफ करनी चाहिए।

Similar News