लखनऊ: STF का बड़ा एक्शन, 7.33 क्विंटल गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Update: 2026-03-18 13:11 GMT

लखनऊ | 18 मार्च, 2026

उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (STF) ने राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की टीम ने बुधवार तड़के रायबरेली रोड स्थित बिंदौवा गांव के पास घेराबंदी कर एक कंटेनर से 7.33 क्विंटल (733 किलोग्राम) गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद माल की अनुमानित कीमत लगभग 1.83 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कंटेनर में छिपाकर लाया जा रहा था माल

एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संगठित गिरोह उड़ीसा और आंध्र प्रदेश से भारी मात्रा में गांजा लेकर लखनऊ पहुंचने वाला है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहनलालगंज क्षेत्र में जाल बिछाया और संदिग्ध कंटेनर (नंबर HR 55 W 3217) को रोक लिया। तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर छिपाकर रखा गया करोड़ों का गांजा बरामद हुआ।

दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान विनोद कुशवाहा और जितेन्द्र शिवहरे के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे इस खेप को लखनऊ के अलग-अलग हिस्सों में खपाने के इरादे से लाए थे।

बरामदगी: 7.33 क्विंटल गांजा और दो मोबाइल फोन।

कार्यवाही: मोहनलालगंज थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।

एसटीएफ अब इस गिरोह के मुख्य सरगना और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों को भी पकड़ा जा सके।

Similar News