एचपीसीएल प्लांट हत्याकांड: बदायूं में मिट्टी में मिला आरोपी अजय प्रताप सिंह का रसूख, दुकानों पर चला बुलडोजर

Update: 2026-03-17 06:47 GMT

बदायूं के चर्चित एचपीसीएल प्लांट हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह उसके सैजनी गांव स्थित अवैध निर्माणों पर बुल्डोजर चला दिया। दातागंज तहसील प्रशासन की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी की छह दुकानों को ध्वस्त किया जा रहा है। मंगलवार को सुबह से ही सैजनी गांव में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई थी। मौके पर एसडीएम दातागंज के नेतृत्व में राजस्व टीम और भारी पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। बुलडोजर की कार्रवाई शुरू होते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई, हालांकि पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर स्थिति को नियंत्रण में रखा।

 प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अजय प्रताप सिंह की ये दुकानें अवैध रूप से बनाई गई थीं, जिनके खिलाफ पहले से लोक निर्माण विभाग ने नोटिस जारी किया गया था। नियमानुसार जवाब न मिलने और दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई।

गौरतलब है कि सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद से प्रशासन पूरी तरह सख्त रुख अपनाए हुए है। घटना के बाद से ही आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उनकी संपत्तियों की जांच भी की जा रही थी।

मूसाझाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत सैंजनी में बने इस प्लांट में उप महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता व सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की 12 मार्च को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी अजय प्रताप सिंह खुद ही थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया था। 

Similar News