श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम घायल, अस्पताल में भर्ती

Update: 2026-03-18 13:12 GMT

गाजियाबाद | 18 मार्च, 2026

श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर और प्रखर वक्ता आचार्य प्रमोद कृष्णम के साथ एक बड़ा हादसा हो गया है। गाजियाबाद स्थित अपने आवास पर पैर फिसलने के कारण वह गिर गए, जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट आई है। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

माथे पर आई गहरी चोट, हुई सर्जरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवास पर फिसलकर गिरने से आचार्य के माथे पर गहरा जख्म हो गया था। अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों की टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उनके माथे की सर्जरी की। ऑपरेशन सफल रहा है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

समर्थकों में चिंता, डॉक्टरों ने दी आराम की सलाह

आचार्य प्रमोद कृष्णम के घायल होने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों और अनुयायियों में चिंता की लहर दौड़ गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सर्जरी के बाद उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। संक्रमण के खतरे और बेहतर रिकवरी के लिए डॉक्टरों ने उन्हें पूर्ण विश्राम की सलाह दी है और फिलहाल किसी भी बाहरी व्यक्ति से मिलने पर रोक लगा दी गई है।

सोशल मीडिया पर देश भर के राजनेताओं और धर्मगुरुओं द्वारा उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

Similar News