लखनऊ पुस्तक मेला: प्रतियोगी किताबों की बढ़ती मांग, अवधी भाषा का विस्तार बना आकर्षण

Update: 2026-03-17 13:17 GMT


लखनऊ, 17 मार्च। रवीन्द्रालय चारबाग में आयोजित लखनऊ पुस्तक मेले के पांचवें दिन शैक्षणिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की समृद्ध झलक देखने को मिली। मेले में खासतौर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी, जो अपने-अपने विषयों की उपयोगी किताबों की तलाश में विभिन्न स्टॉलों पर जुटे रहे।

आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में छात्र-छात्राएं बैंकिंग, पुलिस भर्ती, नेट-जेआरएफ, लेखपाल और अन्य परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों की ओर विशेष रूप से आकर्षित दिखे। उपकार प्रकाशन के स्टॉल पर इन परीक्षाओं की व्यापक श्रृंखला उपलब्ध रही, वहीं बच्चों के लिए नवोदय, सैनिक स्कूल और अन्य प्रवेश परीक्षाओं की पुस्तकें भी प्रमुख आकर्षण रहीं। इसके अलावा सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों की पुस्तकें अन्य स्टॉलों पर भी उपलब्ध रहीं। भारतीय कला प्रकाशन और नेशनल बुक ट्रस्ट के स्टॉल पर संस्कृति और इतिहास से जुड़ी प्रामाणिक पुस्तकों ने पाठकों का ध्यान खींचा।

मेले के साहित्यिक मंच पर अवधी भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने बताया कि अवधी भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए शिक्षण संस्थानों में पहल की जा रही है। इसी क्रम में अवधी हाइकू पाठ और काव्य गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें लगभग 30 कवियों ने भाग लेकर अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

कार्यक्रम के दौरान अरविंद पाण्डेय की पुस्तक “व्यक्ति-निर्माण से राष्ट्र-निर्माण” का विमोचन भी किया गया, जिस पर विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। साथ ही सौरभ ने अपनी पुस्तक “खट्टे-मीठे अनुभव” पर चर्चा की।

मेले में आयोजित अवधी व्यंजन उत्सव भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। आगंतुकों ने दाल के फरे, आलू-कचालू और धनिया वाले आलू जैसे पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और इनके बनाने की विधियां भी जानीं।

दिनभर चले कार्यक्रमों के अंत में काव्य गोष्ठी और संगीत संध्या ने माहौल को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। विभिन्न कवियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर शाम तक बांधे रखा।

आयोजकों के अनुसार 18 मार्च को भी मेले में पुस्तक विमोचन, साहित्यिक चर्चाएं और मुशायरे जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे मेले का उत्साह और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।

Similar News