तंदूर में थूक कर रोटी बना रहा था शख्स, खाना खाने आए लोगों ने बना लिया VIDEO; हंगामे के बाद पुलिस ने दो को पकड़ा
मेरठ। एक होटल के तंदूर पर थूककर रोटी बनाने पर खाना खा रहे लोगों ने हंगामा कर दिया। युवक की वीडियो इस दौरान कुछ ग्राहकों ने बना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित युवक व उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। एक ग्राहक ने आरोपित के खिलाफ थाने पर नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हापुड़ अड्डे पर हाजी इस्लाम पहलवान होटल के नाम से होटल चलाता है। इस पर उसने महिला मैनेजर को नियुक्त कर रखा है। गुरुवार देर रात होटल पर जागृति विहार निवासी अंकित व राजन खाना खाने आए। उन्होंने देखा की होटल के तंदूर पर रोटी बना रहा युवक रोटी पर थूक रहा है। उन्होंने उसकी वीडियो बना ली। इसके बाद उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
लोगों ने कर दी पिटाई
समर्थन में होटल व आसपास के लोग आ गए। उन्होंने रोटी बना रहे राजा निवासी बिहार को पकड़ लिया। उसकी पिटाई कर दी। होटल के लोग फरार हो गए। सूचना पर नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को समझाया। इंस्पेक्टर नौचंदी ने राजा व उसके साथी जमशेद को हिरासत में ले लिया। उन्हें थाने ले गए। राजन ने दोनों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
बाराबंकी का वीडियो हुआ था वायरल
बता दें, थूक कर रोटी बनाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। अक्टूबर में बाराबंकी का एक वीडियो वायरल हुआ था। रामनगर थाना अंतर्गत ग्राम सुढ़ियामऊ में सड़क किनारे इरशाद उर्फ इब्राहिम का ढाबा था, जिस पर इरशाद तंदूर में रोटी डालने से पहले थूक लगाता था। इसकी जानकारी होने पर कुछ लोगों ने चोरी छिपे इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह मामला जब खाद्य सुरक्षा आयुक्त द्वितीय शैलेंद्र कुमार के संज्ञान में आया तो मौके पर टीम भेजी गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने सीज किया ढाबा
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने मामले की जांच की और ढाबे को सीज कर दिया है। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को हिरासत में लिया। मामले में विभाग मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की।