बहराइच। रामलीला मंचन के बाद अब दशहरे पर रावण दहन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शनिवार को जिले का सबसे ऊंचा रावण रामलीला मैदान में जलेगा। कमेटी के अध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल ने बताया कि सर तन से जुदा, कट्टर पंथी विचारधारा और राष्ट्रविरोधी ताकतों का समूल नाश थीम पर जलने वाले रावण दहन के लिए जिले के राजनेताओं सहित गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। शनिवार शाम 6:30 बजे होने वाले दहन से पहले आकर्षक आतिशबाजी होगी। 70 फीट ऊंचे रावण के दहन से पहले एक घंटे तक आतिशबाजी की जावेगी।
यहां पर बड़ी ऊंचाई वाला रावण और उसका कुनबा तैयार किया गया है।शनिवार दोपहर में अहंकारी रावण अपने पूरे कुनबे के साथ शहर के श्री सिद्धनाथ मंदिर पहुंचकर श्री राम से युद्ध में विजय प्राप्ति के लिए शिव आराधना कर नगर भृमण करता हुआ रामलीला मैदान पहुंचेगा।रावण के पूरे कुनबे को श्रीराम रंगमंच पर सीधा खड़ा किया जावेगा, जिसका दहन रात्रि के समय होगा।
नगर की सबसे प्राचीन 119 वर्ष पुरानी श्री मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामलीला कमेटी द्वारा शनिवार को होने वाले दशहरे की तैयारियां पूरी हो गई हैं। कमेटी अध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल के अनुसार मौनी बाबा श्री जगदम्बा मंदिर परिसर के निकट रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों को बनाने का काम पूरा हो गया है। कुशल कारीगर इन पुतलों को बना रहे हैं। रामलीला मैदान में दशहरा को लेकर रंग-रोगन का काम भी पूरा हो गया है। राम लीला मैदान में शनिवार को दशहरा का उत्सव मनाया जाएगा। रावण का 70 फीट ऊंचा पुतला बनकर तैयार हो रहा है। इसके अतिरिक्त कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले 40-50 फीट के होंगे। श्री टेकड़ीवाल ने बताया कि सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को पूरी तरह से सुंदर व आकर्षित बनाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने हेतु ड्रोन कैमरे का प्रयोग किया जा रहा है।इसी के साथ पीने के लिए शुद्ध जल की व्यवस्था नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सुधा देवी द्वारा कराया गया है। सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को एलईडी लाइटों से संरक्षित करते हुए संवारा व सजाया गया है।