अमरोहा में सरकारी चकमार्ग पर सपा विधायक महबूब पर अली अवैध कब्जे का आरोप, जांच के आदेश
अमरोहा में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। जनसुनवाई के दौरान एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि राजस्व ग्राम रजबपुर स्थित सरकारी चकमार्ग (गाटा संख्या 349) पर अवैध रूप से होटल एवं बैंक्वेट हॉल का निर्माण किया गया है।
शिकायतकर्ता फरहान अख्तर पुत्र शमीम अहमद ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि दबंगों द्वारा नेशनल हाईवे के निकट ‘नीलकंठ स्टार’ नाम से होटल का निर्माण कराया गया है। शिकायत में कहा गया है कि यह निर्माण सरकारी चकमार्ग की भूमि पर किया गया है, जो राजस्व अभिलेखों में अकृषिक भूमि (सड़क/मार्ग) के रूप में दर्ज है।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त निर्माण सपा विधायक महबूब अली के पुत्र एवं पूर्व एमएलसी परवेज़ अली द्वारा कराया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति का संबंध समाजवादी पार्टी से है तथा प्रभाव का उपयोग कर ग्रामीणों पर दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही पूर्व में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज होने का भी उल्लेख किया गया है।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार, मामले को संज्ञान में लेते हुए उपजिलाधिकारी को जांच कर एक सप्ताह के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत के साथ राजस्व नक्शे की प्रमाणित प्रति एवं खतौनी की प्रति भी संलग्न की गई है, जिसमें गाटा संख्या 349 को चकरोड (चकमार्ग) के रूप में दर्ज बताया गया है।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि सरकारी चकमार्ग को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब पूरे मामले में प्रशासनिक जांच की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।