रामनगरी अयोध्या में समाजसेवी संस्था ने किया हजारों जरूरतमंदों को कंबल वितरण

Update: 2026-01-20 13:21 GMT


अयोध्या। कड़ाके की ठंड को देखते हुए रामनगरी अयोध्या में एक समाजसेवी संस्था द्वारा हजारों जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। यह कंबल वितरण कार्यक्रम जनपद अयोध्या के विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पूरा बाजार में आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव ने किया। कार्यक्रम का संयोजन सुदामा वर्मा द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव ने कहा कि उनकी संस्था निरंतर समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय है और गरीब, असहाय व जरूरतमंदों की सहायता करना संस्था का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि संस्था को समाजसेवा के क्षेत्र में कई बार सम्मानित किया जा चुका है तथा डिप्टी सीएम, जिलाधिकारी सहित विभिन्न प्रशासनिक व सामाजिक मंचों पर संस्था के कार्यों की सराहना हुई है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि संस्था को “साइकिल मैन” की उपाधि प्राप्त है, जिसके अंतर्गत गरीब व असहाय बच्चों को विद्यालय आने-जाने हेतु साइकिल उपलब्ध कराई जाती है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है।

आयोजक सुदामा वर्मा एवं सुनील वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंदों को राहत प्रदान करते हैं। पूरा बाजार स्थित हंस मिष्ठान भंडार के पास आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में दर्शनी बाई जी हंस योग आश्रम देवकली का सत्संग भी संपन्न हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने समाजसेवी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हंस मिष्ठान भंडार के प्रोपराइटर सुनील वर्मा, रामनरेश वर्मा, फौजदार वर्मा, रामकेवल यादव, विजय गौड़, संस्था के सदस्य सोमैई निषाद, दुर्गा मांझी, राम सिंह, अवधेश यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Similar News