भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश, पीड़ित ने राजस्व परिषद से की शिकायत

Update: 2026-01-19 13:40 GMT


अयोध्या। नगर क्षेत्र के मंझा बरहटा (अयोध्या न्यू बस अड्डा) निवासी सरजू प्रसाद ने अपनी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने राजस्व परिषद, लखनऊ, मंडलायुक्त अयोध्या मंडल, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना-पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित सरयू प्रसाद यादव के अनुसार उनकी आराजी संख्या 1001 (रकबा 0.2777 हेक्टेयर), ग्राम मंझा बरहटा, परगना हवेली अवध, तहसील सदर, जनपद अयोध्या में स्थित है। उक्त भूमि उनके नाम राजस्व अभिलेखों में विधिवत दर्ज है।

आरोप है कि कुछ स्थानीय लोग, जिनमें गुड्डू पाल, दिनेश यादव, सुशील कुमार सिंह सहित 5–6 व्यक्ति शामिल हैं, जबरन उनकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपित लगातार दबाव बना रहे हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।

सरयू प्रसाद ने बताया कि उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी गाटा संख्या 988 में कार्य करने के बजाय उनकी गाटा संख्या 1001 पर अवैध कब्जा जमाना चाहते हैं।

पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कब्जे की कोशिश को तत्काल रोकने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है।

Similar News