उन्नाव में शव दफनाने को लेकर आमने सामने आए दो संप्रदायों के लोग, तनाव के हालात

Update: 2019-11-28 06:08 GMT

उन्नाव । माखी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मर्दनखेड़ा में शव दफनाने को लेकर दो संप्रदाय के लोग आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद होने से तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अफसर दोनों पक्षों से वार्ता करके समझाने का प्रयास कर रहे हैं। तनाव के मद्देनजर पुलिस फोर्स भी पहुंच गया है।

माखी के मर्दनखेड़ा गांव में गुरुवार की सुबह शव दफनाने को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। एक पक्ष ने शव दफनाने आए दूसरे संप्रदाय के लोगों को रोक दिया। इससे विवाद की स्थिति बन गई और दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। शव दफनाने गए लोगों का कहना है कि जगह कब्रिस्तान की है। जबकि दूसरा पक्ष उसे ग्राम समाज की भूमि बता रहा है। दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और माहौल बिगडऩे के हालात बन गए। इसकी सूचना पर माखी व अजगैन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अफसरों ने भी मोर्चा संभाल लिया। अफसरों के काफी समझाने के बाद भी विवाद शांत नहीं हो सका है। दोनों पक्षों के लोगों को बिठाकर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

Similar News