देश की सबसे बड़ी अदालत ने अपना फैसला दिया है, जनता कोर्ट के आदेश का करे पालन
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने सर्किट हाउस में राम मंदिर मामले पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि देश की सबसे बड़ी अदालत ने अपना फैसला दिया है, सभी को उसका पालन करना चाहिए। सभी लोग सदभाव से रहें। हम लोगों ने कहा था कि बातचीत से मामला निपटा ले, तब नहीं निपटा तो अब सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है तो उसे सभी को मानना चाहिए। प्रदेश में कानून व्यवस्था ठीक नहीं है, सरकार अपने वादों में विफल है, नौकरी दे नहीं पा रही है। प्रदेश में अधिकारियों का राज है, अधिकारी किसी की सुन नहीं रहे हैं और जनता सब देख रही है। हमने सरकार के खिलाफ कई बार प्रदर्शन भी किया, अब हम 2022 के लिए तैयारी कर रहे हैं। जब सरकार में हम मंत्री थे तो काशी से विकास की शुरुआत की थी। वरुणा का सुंदरीकरण का कार्य हमने शुरू किया। गंगा पार जितने भी पुल बने वो हमने बनवाए। हमारी अभी नई पार्टी है पूरे प्रदेश में हमने प्रदर्शन किया। सबसे ज्यादा जनता की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास किया। जनता हमारे साथ है, दो वर्षों में जनता पूरी तरह हमारे साथ होगी। प्रदेश में हमारी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी होगी। बात बनी तो समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ेंगे। पार्टी के पास सभी जिले में कार्यकर्ता हैं उन्हीं को प्रत्याशी बनाया जाएगा।