वाराणसी : विधायकों की चेतावनी के बावजूद जर्जर पंचक्रोशी मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं होने से क्षुब्ध शिवपुर की पार्षद विजय श्री शनिवार को समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गईं। चेतावनी दी कि जब तक मरम्मत का काम शुरू नहीं होगा वह धरने से नहीं उठेंगी। जानकारी पर शहर उत्तरी के भाजपा विधायक रवीन्द्र जायसवाल पहुंचे। उन्होंने नगर विकास मंत्री से फोन पर बात की और कहा कि आपके आदेश के बावजूद सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ। ऐसे में पार्षद के साथ मैं भी धरने पर बैठने जा रहा हूं।
विधायक की शिकायत पर नगर विकास मंत्री ने जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र से फोन पर वार्ता की और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को जमकर फटकार लगायी। चेतावनी दी कि सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो निलम्बन तय है। उसके बाद प्रशासन जागा। डीएम के निर्देश पर अधिशासी अभियंता एके सिंह मौके पर पहुंचे। विधायक से धरना खत्म कराने का अनुरोध किया और वादा किया कि शाम तक पंचक्रोशी मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरु कर दिया जाएगा।
'हिन्दुस्तान' ने उठाया था बदहाली का मुद्दा
पंचक्रोशी मार्ग की बदहाली का मुद्दा 'हिन्दुस्तान' ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। महाशिवरात्रि पर 75 किमी पंचक्रोशी परिक्रमा करने का बड़ा महत्व है। हजारों लोग एक दिन इतने किमी पैदल चलकर काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचते हैं। मगर पूरे मार्ग पर जगह-जगह गढ्ढों की मरम्मत की मांग को लेकर रोहनियां क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेन्द्र नारायण सिंह ने विधायक रवीन्द्र जायसवाल ने धरने पर बैठने की धमकी दी थी। इस मामले की शिकायत नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना से भी की गई थी। बावजूद इसके प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया। जिससे क्षुब्ध होकर पार्षद समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गईं। जानकारी पर भाजपा विधायक रवीन्द्र जायसवाल मौके पर पहुंचे। डीएम को फोन मिलाकर धरने पर बैठने की चेतावनी दी।
देर शाम शुरू हुई सड़क की मरम्मत
पार्षद के धरने पर बैठने, विधायक की शिकायत एवं नगर विकास मंत्री की फटकार के बाद डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को तलब किया। पता चला कि सड़क मरम्मत के लिए पैसा ही नहीं है। डीएम ने कहा कि पैसा मिल जाएगा पहले काम शुरू कराओ। देर शाम मरम्मत का कार्य तो शुरू कर दिया गया मगर इतनी कम धनराशि जारी हुआ है, जिससे सड़क की मरम्मत ठीक तरीके होना संभव नहीं। अधिशासी अभियंता एके सिंह के मुताबिक करीब 13 किमी पंचक्रोशी मार्ग काफी जर्जर हालत में है। फिलहाल पांच लाख रुपए मरम्मत के लिए जारी किए गए हैं। जिससे गड्ढों को भरने का कार्य किया जाएगा। ताकि श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो। धरने पर बैठने वालों में जगदीश त्रिपाठी, रोहित मौर्य, मनोज केसरी, पृथ्वी शर्मा, मारकंडे चौरसिया, अतुलेश उपाध्याय, दिनेश गुप्ता, रोहित मौर्या,संदीप रघुवंशी, अनिल मौर्या, रामबाबू सिंह, सोमारू यादव आदि शामिल थे।
डीएम ने आठ फरवरी को दिया था आश्वासन
पंचक्रोशी मार्ग मरम्मत के लिये क्षेत्रीय पार्षद विजय श्री व विधायक रवीन्द्र जायसवाल ने नगर विकास मंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपा था। उस समय मंत्री ने जिलाधिकारी से फोन करके मार्ग निर्माण जल्द से जल्द कराने को कहा था। डीएम ने 8 फरवरी से मार्ग की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन काम शुरू न होने से लोगों में आक्रोश हो गया।
12 फरवरी को मार्ग का करेंगे निरीक्षण
धरना समाप्त करने के बाद पार्षद विजय श्री ने कहा कि मार्ग निर्माण के बाद वह 12 फरवरी को निरीक्षण करेंगे। अगर निर्माण काय्र में लापरवाही बरती गई तो धरने पर बैठकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।