रंग बदलने से विकास नहीं होता : अखिलेश यादव

Update: 2017-11-05 01:49 GMT

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का कहना है कि भाजपा सरकार को समझना चाहिए कि रंग बदलने से विकास नहीं होता है, विकास होने से राज्य का रंग बदलता है। अखिलेश यादव ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि समाजवादी सरकार ने मेट्रो रेल, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, जनेश्वर मिश्र पार्क और गोमती रिवरफ्रंट के जरिए राज्य की जनता को विकास के नए रंगों से परिचय कराया था। ये रंग जनता के मन में बस गए हैं। भाजपा ने खुद कुछ करने के बजाय समाजवादी सरकार के कामों को बदनाम करने और जांच के नाम पर अच्छे काम रोकने के अलावा कुछ नहीं किया है।

भाजपा को जनता अब अपना रंग 2019 के चुनावों में दिखाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री जी ने कहा कि समाजवादी सरकार में जिन जनकल्याणकारी कामों की शुरुआत की गई थी उनको आगे बढ़ाने के बजाय या अपना कोई उल्लेखनीय काम दिखाने के बजाय भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में पहले रोडवेज बसों का रंग बदलने में लग गई, उससे भी जी नहीं भरा तो अब सचिवालय एनेक्सी का रंग भी बदलने में दिनरात एक किए हुए है।

भाजपा को समझना चाहिए कि इमारतों का रंग बदलने से राज्य नहीं बदलता है। भाजपा ने अपने गलत कामों से उत्तर प्रदेश को बदरंग कर दिया है।  यादव ने कहा कि भाजपा के इधर जो रंग बदले हैं उससे जनता को उसके नए-नए रूप देखने-परखने का सुनहरा अवसर अवश्य मिल रहा है।

भाजपा ने पहले एम्बूलेंस सेवा -108 और 102 तथा गरीब महिलाओं के लिए पेंशन से 'समाजवादी' शब्द हटाने का काम किया। कलाकारों, लेखकों तथा पत्रकारों को दी जाने वाली यशभारती पेंशन रोक दी और हिन्दी, उर्दू तथा संस्कृत के विद्वानों को दिए जानेवाले पुरस्कारों के बंटने में भी रोड़े अटका दिए।

Similar News