कर्म क्षेत्र पी.जी. कॉलेज में प्रथम एक दिवसीय शिविर का आयोजन

Update: 2026-02-23 10:01 GMT

आज राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, कर्म क्षेत्र पी.जी. कॉलेज, इटावा द्वारा प्रथम एक दिवसीय शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत सराय एसर में किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेंद्र सिंह ने सभी स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाओं को शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। शिविर में प्रातः सभी स्वयंसेवक शिविर स्थल पहुँचे, जहाँ ग्राम प्रधान सरवर सिंह ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया तथा पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा बस्ती में ग्रामीणों के साथ संवाद एवं भ्रमण से हुई। इस दौरान गाँव की वास्तविक समस्याओं का सर्वेक्षण किया गया। सर्वे के आधार पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजीत कुमार दीक्षित ने बताया कि गाँव में पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, यातायात नियमों के पालन तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता की कमी पाई गई। साथ ही पर्यावरण प्रदूषण से होने वाली हानियों पर चर्चा की गई।

सर्वेक्षण के पश्चात स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को फाइलेरिया रोग के प्रति जागरूक किया। तत्पश्चात लंच ब्रेक में स्वयंसेवकों को अल्पाहार प्रदान किया गया। लंच के बाद खेलकूद संबंधी गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

समापन सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत किए। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजीत कुमार दीक्षित ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रो. शिवराज यादव, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. नमिता पाण्डेय, डॉ. नीता पांडेय, बृजेन्द्र सहित अन्य शिक्षकगण एवं सभी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Similar News