लखनऊ : मथुरा जिले के जवाहरबाग में हिंसा पर उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी काफी जोरदार ढंग से लामबंद है। पार्टी का आज प्रदेश के हर जिले में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी है।
लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास पर ओर बढ़ रहे हैं। यहां पर जगह-जगह पर बैरिकेडिंग लगाकर उनको रोका जा रहा है। लखनऊ में कार्यकर्ता राज्यसभा प्रत्याशी शिव प्रताप शुक्ल के नेतृत्व में एकत्र होकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे। उनको क्राइस्टचर्च कालेज के पास रोका गया है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। सड़क पर हर जगह पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा रखी है। भाजपा के कार्यकर्ता ''नहीं चलेगी गुंडागर्दी, पुलिस की हत्या बंद करो बंद करो" के नारे लगाकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
शिवपाल की बर्खास्तगी की मांग
अलीगढ़ में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मथुरा हिंसा के लिए जिम्मेदार कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव का इस्तीफा मांगा है। अलीगढ़ में गुस्साये भाजपाइयों ने शहर के घण्टा घर से क्लेक्टरेट तक पैदल मार्च निकाला। इसके साथ ही राज्यपाल राम नाईक के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। जिसमें भाजपाइयों ने मांग की सूबे के कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव की जिस तरह से जवाहरबाग कांड में संलिप्तता पायी जा रही इससे उन्हें पद पर बने रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया की जल्द से जल्द मंत्री शिवपाल यादव को बर्खास्त करने के साथ ही मथुरा मामले की उचित जांच करायी जाये।
इस धरना में भाजपा के बड़े नेता भी भाग ले रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर पार्टी आज जिला मुख्यालयों पर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार के कुशासन, ध्वस्त कानून-व्यवस्था और जवाहरबाग की घटना के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर रही है। इसके साथ ही इसके विरोध में ज्ञापन भी तैयार किया गया है। पूर्व अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी कानपुर, सूर्य प्रताप शाही देवरिया व डॉ. रमापति राम त्रिपाठी महराजगंज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश शर्मा मुरादाबाद, रमापति शास्त्री सुल्तानपुर, अनुपमा जायसवाल बहराइच, प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह गाजियाबाद, प्रकाश शर्मा नोएडा, करन सिंह पटेल कौशांबी, लक्ष्मण आचार्य वाराणसी जिला, राज्यसभा प्रत्याशी शिव प्रताप शुक्ल लखनऊ और राज्यसभा सांसद जुगल किशोर बाराबंकी में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में उतरे हैं।