शाहरुख खान और अनुष्का शर्मा 'जब हैरी मेट सेजल' के प्रमोशन के लिए आज बनारस में
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा अपनी फिल्म 'जब हैरी मेट सेजल' के प्रमोशन के लिए आज बनारस पहुंच गए। सुबह करीब आठ बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे शाहरुख के साथ फिल्म के डायरेक्टर इम्तियाज अली भी थे। किंग खान पहली बार बनारस आए हैं। शाहरुख अपनी टीम के साथ पहड़िया स्थित अशोका इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट कैंपस में भावी इंजीनियरों से मुखातिब होंगे। इस दौरान उनके साथ्ा भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार मनोज तिवारी भी होंगे। शाहरूख शाम तीन बजे से छह बजे तक कॉलेज के युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। शाहरुख की सुरक्षा के लिए करीब 250 पुलिसकर्मी लगाए हैं। अभिनेता शाहरुख खान के पहली बार बनारस आने की खबर से युवा बेहद उत्साहित हैं। अशोक इंस्टीट्यूट के वाइस चेयरमैन अमित मौर्य के निर्देशन में रविवार को कैंपस में दिनभर तैयारियां चलती रहीं। अमित के मुताबिक कार्यक्रम साढ़े तीन बजे से शुरू होगा। सुबह शाहरुख बनारस आएंगे और होटल गेटवे में ठहरेंगे। वहां से दोपहर तीन बजे कॉलेज के लिए निकलेंगे। इस दौरान वह रास्ते में किसी दुकान पर बनारसी पान भी खा सकते हैं। कार्यक्रम में केवल अशोका इंस्टीट्यूट के छात्रों और उनके अभिभावकों को ही प्रवेश मिलेगा। उन्हें भी हर हाल में परिचय पत्र लेकर आना होगा।
विजय तिवारी