देवबरा धाम में 9 दिवसीय श्रीराम कथा की तैयारियां तेज, बैठक में बनी रूपरेखा, समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
संवाददाता – जितेंद्र तिवारी
प्रयागराज जनपद के हंडिया तहसील अंतर्गत धनुपूर ब्लॉक की पिपरी ग्राम पंचायत में स्थित देवबरा धाम पिपरी, जो प्रयागराज शहर से लगभग 50–55 किलोमीटर दूर स्थित एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, वहां आगामी 28 मार्च 2026 से 05 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली संगीतमय श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन महाराज के श्रीमुख से होने वाली नौ दिवसीय श्रीराम कथा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह, श्रद्धा और धार्मिक वातावरण बना हुआ है।
आयोजन स्थल पर विशाल पंडाल का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था, प्रसाद वितरण, वाहन पार्किंग, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप देने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। आयोजन समिति का प्रयास है कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से सम्पन्न हो।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों के अनुसार इस भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियां पिछले लंबे समय से निरंतर चल रही हैं। कथा को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से विभिन्न समितियों एवं टोलियों का गठन किया गया है। समिति के सदस्य गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं, श्रद्धालुओं को निमंत्रण पत्र वितरित कर कथा में शामिल होने का आमंत्रण दिया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों का भी इस धार्मिक आयोजन में भरपूर सहयोग मिल रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार शाम कथा पंडाल परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन से जुड़ी विभिन्न समितियों एवं उनके सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में स्वागत समिति, प्रसाद समिति, जल व्यवस्था समिति, मंच व्यवस्था समिति, साफ-सफाई समिति, पार्किंग समिति एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सभी सहयोगियों से अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया गया, ताकि कथा आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।
आयोजन समिति ने बताया कि श्रीराम कथा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में आध्यात्मिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों, संस्कार और सामाजिक सद्भाव का संदेश देना भी है। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, भक्ति, त्याग और सेवा के संदेश पर विशेष रूप से प्रकाश डाला जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होगा।
बैठक में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं सहयोगी उपस्थित रहे, जिनमें अवधेश कुमार तिवारी, बालकृष्ण तिवारी, रविंद्र पांडेय, सुरेश पांडेय, हरिप्रसाद मिश्र, कल्लू नेता, जगदीश तिवारी, पिंटू पांडेय, अजय पांडेय, विकास पांडेय, अनुराग पांडेय, आकाश दुबे, निशांत तिवारी, साहब तिवारी, अंशुमान शुक्ल, प्रदीप यादव, आदर्श पांडेय, रोहित भभया सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
अंत में आयोजन समिति द्वारा क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की गई कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करें और धर्म लाभ प्राप्त करें। आयोजन समिति के सदस्य इस धार्मिक आयोजन को भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।