छठे दिन भक्तों ने की देवी कात्यायनी की पूजा

Update: 2026-03-24 13:43 GMT

बिलारी: नवरात्र के छठे दिन श्रद्धालुओं ने मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही देवी मंदिरों में जयकारों की गूंज सुनाई दी, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। बाजारों में भी फलों की मांग बढ़ती नजर आई।

नगर के पौड़ा खेड़ा स्थित देवी मंदिर में महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भक्तों ने भक्ति गीतों के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त की। “नवरात्रि में शुभ घड़ी आई, मेरी मैया को दे दो बधाई, खुशियां ही खुशियां छाईं…” जैसे भजनों से माहौल भक्तिमय बना रहा। वहीं “कभी दुर्गा बनके, कभी काली बनके, चली आना मैया जी…” जैसे गीतों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

दूसरी ओर, सहसपुर स्थित काली मंदिर में नवचंडी महायज्ञ का आयोजन जारी है। मंदिर में सुबह-शाम पूजा-अर्चना के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पंडित राघवेंद्र शर्मा ने विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष गौरव गुप्ता, संजीव चौधरी, मोहनलाल शर्मा, मोहित शर्मा, कल्याण सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

— वारिस पाशा, बिलारी

Similar News