लखनऊ पुस्तक मेला सम्पन्न, 32 लाख की पुस्तकों की बिक्री

Update: 2026-03-22 15:58 GMT


लखनऊ, 22 मार्च। रवीन्द्रालय चारबाग में 13 मार्च से आयोजित लखनऊ पुस्तक मेला रविवार रात सम्पन्न हो गया। मेले में लगभग 32 लाख रुपये की पुस्तकों की बिक्री दर्ज की गई। अंतिम दिन मेले में भारी भीड़ उमड़ी, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों और युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

मेले में पुस्तक विमोचन, साहित्यिक परिचर्चा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को आकर्षित किया। अवधी व्यंजन उत्सव भी लोगों को खूब भाया।

अंतिम दिन डॉ. रुचि श्रीवास्तव की बाल साहित्य कृतियों ‘पक्के दोस्त और नेकी का बदला’ तथा ‘पर्व हमारे रंग-बिरंगे’ का विमोचन हुआ। इस अवसर पर संजीव जायसवाल ‘संजय’, डॉ. अमिता दुबे, नीलम राकेश और विनय श्रीवास्तव उपस्थित रहे। आईपीएस अधिकारी प्रशांत आनन्द ने अपनी पुस्तक ‘रूल्स टू रूल्स’ पर चर्चा की।

विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित परिसंवाद एवं कवि गोष्ठी में प्रो. वेंकटेश दत्ता सहित कई वक्ताओं ने भाग लिया। युवाओं ने कविता, किस्से और कहानियों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।

इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय पुतुल दिवस पर काफिला नाट्य संस्थान के कलाकारों ने कठपुतली का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने सराहा। पारंपरिक कलाकार नौशाद ने भी अपनी प्रस्तुति दी।

समापन समारोह में संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने प्रतिभागियों और सहयोगियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। पूरे मेले में साहित्य, कला और संस्कृति का समन्वित रूप देखने को मिला।

Similar News