मकर संक्रांति पर यूपी सरकार का बड़ा फैसला, 2026 में 26 राजकीय अवकाश तय

Update: 2026-01-12 09:13 GMT

रिपोर्ट : विजय तिवारी

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 की अवकाश सूची में संशोधन करते हुए मकर संक्रांति के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस निर्णय के बाद अब राज्य में वर्ष 2026 के दौरान कुल 26 राजकीय अवकाश प्रभावी होंगे, जबकि पहले यह संख्या 25 निर्धारित थी।

पूर्व में जारी अवकाश सूची के अनुसार मकर संक्रांति पर 14 जनवरी 2026 को केवल निर्वाचित (वैकल्पिक) अवकाश घोषित किया गया था। यह अवकाश सूची 17 नवंबर 2025 को जारी की गई थी, जिसमें कर्मचारी चाहें तो अवकाश ले सकते थे, लेकिन यह सार्वजनिक अवकाश नहीं था।

बाद में शासन स्तर पर इस विषय पर पुनर्विचार किया गया। सरकार ने यह माना कि मकर संक्रांति प्रदेश का प्रमुख पर्व है और इस अवसर पर सार्वजनिक अवकाश होना चाहिए। इसी क्रम में अब 14 जनवरी के स्थान पर 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 12 जनवरी 2026 को जारी आदेश के अनुसार, 15 जनवरी 2026 को निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश रहेगा। यह आदेश प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, शासकीय संस्थानों और संबंधित विभागों पर समान रूप से लागू होगा। साथ ही पहले जारी अवकाश आदेश को इसी सीमा तक संशोधित माना जाएगा।

संशोधित अवकाश व्यवस्था के तहत वर्ष 2026 में अब 26 राजकीय अवकाश और 31 निर्वाचित (वैकल्पिक) अवकाश रहेंगे। मकर संक्रांति को सार्वजनिक अवकाश में शामिल किए जाने के बावजूद वैकल्पिक अवकाशों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इसके अलावा वर्ष 2026 में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) और होलिका दहन (2 मार्च) सोमवार को पड़ रहे हैं। ऐसे में इनके पहले शनिवार और रविवार होने के कारण कई स्थानों पर लगातार तीन दिन का अवकाश भी मिलेगा, जिससे सरकारी कर्मचारियों और आमजन को अतिरिक्त सुविधा होगी।

सरकार के इस निर्णय से अवकाश सूची को लेकर बनी असमंजस की स्थिति समाप्त हो गई है। संशोधित आदेश के बाद अब वर्ष 2026 की अवकाश सूची सभी विभागों में स्पष्ट रूप से लागू मानी जाएगी

Similar News