लखनऊ, 12 मार्च।
रवीन्द्रालय चारबाग के लॉन में 13 मार्च से 10 दिवसीय लखनऊ पुस्तक मेला प्रारंभ होगा। मेले का उद्घाटन 13 मार्च को शाम 5 बजे किया जाएगा।
मेले में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। यह मेला 22 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक खुलेगा। इस दौरान साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला लगातार चलती रहेगी।
मेले में पुस्तक विमोचन, काव्य गोष्ठियां, आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ नाट्य और नृत्य प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष मेले की थीम “विजन-2047: विकसित भारत, विकसित प्रदेश” रखी गई है।
आयोजक मनोज सिंह चंदेल के अनुसार मेले में लगभग 60 स्टॉल लगाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के सहयोग से आयोजित इस मेले में नई तकनीक से छपी पुस्तकों के साथ-साथ डिजिटल तकनीक से जुड़े प्रकाशन उत्पाद भी देखने को मिलेंगे।
इसके अतिरिक्त स्टेशनरी, शिक्षकों और स्कूलों के लिए उपयोगी शैक्षणिक सामग्री के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। मेले में अवधी व्यंजन उत्सव का आयोजन होगा तथा “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कलाकार विशेष चित्रकला भी बनाएंगे।