चंदौली: 20 हजार इनामिया बदमाश गिरफ्तार, कई मामलों में चल रहा था वांछित...
ओ पी श्रीवास्तव, चंदौली
चंदौली/मुगलसराय: खबर जनपद चंदौली से है जहां एसपी आदित्य लांगहे के निर्देशन में वांछित और इनामिया बदमाशों की धरपकड़ के बाबत जनपद पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी विनय कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी डीडीयू नगर आशुतोष कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने 20 हजार इनामिया और वांछित अभियुक्त को पड़ाव चौराहे से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।
बता दें कि वाराणसी जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र निवासी शातिर अभियुक्त धीरेन्द्र कुमार यादव उर्फ शेरू पुलिस के लिए आतंक का पर्याय बन चुका था। उसके खिलाफ वाराणसी समेत अन्य जिलों में कई गंभीर मामले दर्ज थे। पुलिस उसकी गिरफ्तारी और तलाश में जुटी थी, उसके ऊपर 20 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। मुगलसराय पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर इनामिया और पुरस्कृत बदमाश धीरेन्द्र कुमार यादव को आज पड़ाव चौराहे से गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी डीडीयू नगर आशुतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार इनामिया बदमाश के ऊपर वाराणसी समेत अन्य जिलों के थानों में गंभीर धाराओं में कुल 06 मामले दर्ज थे। उसके ऊपर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। अभियुक्त को जेल भेज आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।