मुख्यमंत्री योगी ने एटा जिले में किया सीमेंट फैक्ट्री का लोकार्पण, कहा- यह जीरो टॉलरेंस की नीति का परिणाम
एटा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को एटा जिले में नवनिर्मित श्री सीमेंट फैक्ट्री करने पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर सीमेंट फैक्ट्री में ही बने हेलीपैड पर ही उतरा।
यहां, फैक्ट्री का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जीरो टॉलरेंस की नीति के परिणाम हमारे सामने हैं। यहां का पावर प्लांट इस बात की घोषणा कर रहा है कि यहां विद्युत उत्पादन के साथ सुंदर वातावरण मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां श्री सीमेंट ने साढ़े सात सौ करोड़ का प्लांट स्थापित किया है। एक प्लांट में सरकार ने निवेश किया है। दूसरे में श्री सीमेंट परिवार ने निवेश किया है। दोनों से रोजगार उपलब्ध हो रहा है। 500 लोगों को यहां पर कार्य मिला है। तीन हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से कार्य मिला है। व्यापारियों को व्यापार कार्य बढ़ाने के लिए श्री सीमेंट ने अवसर दिया है। आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला यही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही एटा है, जहां अपराधियों का बोलबाला था। गरीबों की जमीन पर माफिया काबिज होते थे। गरीब की कोई सुनवाई नहीं होती थीं। स्वयं की संपत्ति सुरक्षित नहीं थी। अब यह देश दुनिया की नंबर वन अर्थव्यवस्था बन रहा है।
मुख्यमंत्री योगी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अंग्रेजों के बाद सपा-कांग्रेस ने तबाही का मंजर पैदा करके देश को आगे नहीं बढ़ने दिया। देश दुनियां में 11वें स्थान पर आ गया। मोदी ने एक मंत्र देशवासियों को दिया विकास सबका होगा, भेदभाव नहीं करेंगे। परिणाम आया भारत दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बन रहा है। शीघ्र ही तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा।
उन्होंने कहा कि 2017 में जब हम लोग आए थे, तब प्रदेश सातवें स्थान पर गिना जाता था। आज प्रदेश नंबर दो की अर्थव्यवस्था बन चुका है। देश की आबादी का हर छठा व्यक्ति उत्तर प्रदेश में निवास करता है। हम उसे अलग नहीं कर सकते। उत्तर प्रदेश किसानों के साथ आगे बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले निवेश भाग रहा था। आज 45 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव लाने में उत्तर प्रदेश सफल हुआ है। 15 लाख करोड़ के प्रस्ताव जमीनी धरातल पर उतारे हैं। एक श्री सीमेंट 3500 लोगों को रोजगार दे सकता है। तो और उद्योग लाखों लोगों को रोजगार दे सकते हैं। इस समय नौकरी की संभावनाओं को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
आगे कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता का आशीर्वाद डबल इंजन की सरकार के साथ बना हुआ है। श्री सीमेंट प्रदेश सरकार का सहयोगी है। बुलंदशहर के बाद एटा में प्लांट, चित्रकूट में 40 मेगावाट का सोलर प्लांट भी बनवाया है। सरकार की नीति का परिणाम है कि सोलर पावर चित्रकूट में तैयार हो रही है और उपयोग यहां हो रहा है। आज सरकार के स्तर पर नौकरी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एटा यहां के जनप्रतिनिधियों की रुचि के कारण आगे बढ़ रहा है। फोरलेन कनेक्टिविटी के साथ आगे बढ़ रहा है। महिलाओं, किसानों सभी को मजबूती के साथ आगे बढ़ाएंगे। मेहनत करेंगे तो उद्योग बढ़ेगा। इसी कर्म को जीवन का हिस्सा बनाकर आगे बढ़ें।