गृह मंत्री अमित शाह ने योगी आदित्यनाथ को बताया देश का सबसे सफल मुख्यमंत्री, यूपी को बनाया पावर हाउस
लखनऊ। नरेन्द्र मोदी सरकार में गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस की सबसे बड़ी और सफल पुलिस भर्ती में चयनितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने चयनितों को संबोधित किया।
गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर कहा कि योगी आदित्यनाथ देश के सबसे सफल मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने 2023 से प्रदेश की सत्ता संभालने के बाद इसका कायापलट कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 से देश को संभाला तो योगी आदित्यनाथ ने 2017 ने उत्तर प्रदेश को सजाया और संवारा। उत्तर प्रदेश आज देश का पावर हाउस है। उन्होंने नागरिक पुलिस आरक्षी भर्ती को लेकर कहा कि आज उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए ऐतिहासिक दिन है और यूपी में आज युवाओं के जीवन का सबसे शुभ दिन है। अमित शाह ने कहा कि 2017 के बाद यूपी पुलिस बुलंदी की राह पर आगे बढ़ी है। प्रदेश में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का बेहतर माहौल है। योगी आदित्यनाथ के रूप में पुलिस बल को नया आत्मविश्वास और जनता का भरोसा मिला है।
आरक्षी नागरिक पुलिस में 60,244 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। नव चयनित सिपाहियों में 12048 महिलाएं भी हैं। पहले परीक्षा पेपर लीक होने के कारण रद कर दी गई थी जिसे बाद में दोबारा कराया गया।कार्यक्रम में जिलों से अभ्यर्थियों को लखनऊ लाया गया है। अभ्यर्थियों को शनिवार रात लखनऊ के आसपास के जिलों में ठहराने का प्रबंध भी किया गया है। रविवार सुबह 10 बजे तक सभी अभ्यर्थी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। जहां जिलेवार उनके बैठने का प्रबंध किया गया। कार्यक्रम को देखते हुए लखनऊ समेत दस जिलों में डायवर्जन प्लान लागू था। कानपुर नगर, रायबरेली, सुलतानपुर, फतेहपुर, सीतापुर, महोबा, उन्नाव, अमेठी, बस्ती व जालौन में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर कोई भी भारी वाहन लखनऊ की ओर नहीं आ सकेगा।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने सबसे बड़े नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के सुरक्षा प्रबंधों को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों के ड्रेस कोड व उनकी सुविधाओं को लेकर भी विस्तृत निर्देश दिए हैं। राजपत्रित अधिकारी अभ्यर्थियों को लखनऊ लेकर आएंगे। उनके ठहरने व अन्य सुविधाओं को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं।
यह प्रदेश में अब तक का सबसे विशाल नियुक्ति पत्र वितरण समारोह है । कड़े सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कराए जा रहे हैं। सिपाही भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो गया था, जिसके चलते परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। बाद में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच दोबारा सकुशल परीक्षा संपन्न कराई गई थी।