मिर्जापुर में दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद वारदात

Update: 2026-04-11 05:34 GMT

मिर्जापुर जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां टहलने निकले एक अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात कटरा कोतवाली क्षेत्र के सद्भावना नगर इलाके में हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान 50 वर्षीय राजीव सिंह के रूप में हुई है, जो विंध्याचल थाना क्षेत्र के देवरी गांव के पूर्व प्रधान और अधिवक्ता थे। वह कई वर्षों से कटवारू का पूरा स्थित सद्भावना नगर कॉलोनी में रह रहे थे। रोज की तरह शनिवार सुबह भी वह टहलने निकले थे। जब वह वापस घर लौट रहे थे, तभी चौराहे के पास बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे। उनमें से एक ने तमंचे से उनके सीने में गोली मार दी और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।



इस पूरी घटना का वीडियो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें बदमाश वारदात को अंजाम देकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। गोली लगने के बाद गंभीर हालत में राजीव सिंह को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और उनके बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

Similar News