वृंदावन में यमुना नदी में ओवरलोडिंग स्टीमर पलटने से एक दर्जन लोगों की मौत, अन्य की तलाश जारी, तेज हवा के कारण पौन्टून पुल से टकराकर स्टीमर पलटा
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे बचाव और राहत कार्य युद्ध स्तर पर प्रारंभ
मथुरा। (तुलसीराम)/शुक्रवार की दोपहर थाना कोतवाली वृंदावन के अंतर्गत बंसीवट केसीघाट के मध्य स्थित पीपा वाले पौन्टून पुल से टकराकर ओवरलोडिंग स्टीमर पलट गया। घटना का कारण तेज हवाओं को बताया गया है। जिसके कारण स्टीमर अपना नियंत्रण को बैठा और वह सीधा पौन्टून पुल के पीपो से जा टकराया सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक स्टीमर में लगभग 30 तीर्थ यात्री बैठे हुए थे। जो लुधियाना पंजाब से आए बताये गये है। वृंदावन में मंदिर दर्शन करने के बाद यह लोग यमुना नदी में स्टीमर में बैठकर फोटोग्राफी के अलावा अलग-अलग घाटों का दर्शन कर रहे थे। हादसे की जानकारी मिलने के तत्काल बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और आला अधिकारी तत्काल मौके पर जा पहुंचे इस बीच पुलिस उपमहा निरीक्षक आगरा परिक्षेत्र शैलेश कुमार पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जिन्होंने बचाव और राहत कार्य को युद्ध स्तर पर शुरू करा दिया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग स्थानीय गोताखोर डूबे हुए व्यक्तियों के शव को निकालने में जुट गए। घटनास्थल पर पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पांडेय के मुताबिक 10 मृतक तीर्थ यात्रियों के शवों को यमुना नदी से निकाल लिया गया था। जबकि 15 अन्य लोगों को गोताखोरों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद से सुरक्षित निकाल लिया। चार घायलों को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए रेफर किया गया है। जबकि अन्य लोगों की यमुना नदी में गोताखोरों द्वारा तलाश की जा रही थी घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी सीपी सिंह भी तत्काल मौके पर जा पहुंचे। और उन्होंने स्थानीय सेना से जहां मदद मांगी है। वही एसडीआरएफ एनडीआरएफ की टीम भी देर शाम मथुरा पहुंच गई। और उन्होंने भी मृतकों के शवों को यमुना नदी में अपने स्तर से ढूंढना शुरू कर दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के शहरी एवं ग्रामीण लोगों के अलावा तीर्थ यात्रियों की यमुना नदी पर भारी भीड़ जुट गई। जिसे हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बॉक्स
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख व्यक्त किया
मथुरा। वृंदावन में यमुना नदी में नाव स्टीमर पलटने से हुई घटना के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त करते हुए घायलों को हर संभव उपचार कराने तथा मृतकों को हर संभव मदद देने की घोषणा करते हुए जिला प्रशासन को तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
बॉक्स
मथुरा और वृंदावन में नाव स्टीमर संचालक निर्धारित मानक का नहीं कर रहे पालन, आए दिन होती है छिटपुट घटना
मथुरा। ब्रजभूमि मथुरा में नाव एवं स्टीमर संचालकों के द्वारा मथुरा वृंदावन नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन के द्वारा निर्धारित संख्या से अधिक यात्रियों को नाव में बैठा कर घूमाते हैं। यमुना घाटों पर पूर्व में भी कई छिटपुट घटनाएं हो चुकी है। लेकिन प्रशासन ने इस पर गंभीरता से कोई कार्यवाही नहीं की, जिसका परिणाम है कि शुक्रवार की दोपहर स्टीमर में निर्धारित संख्या से ज्यादा तीर्थ यात्रियों के बैठे होने के दौरान चल रही तेज हवाओं से असंतुलित होकर स्टीमर लोहे के पौन्टून पुल से टकराकर पलट गया और हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि प्रशासन ने की है। अन्य की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। इसमें नगर निगम और पुलिस प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। मथुरा और वृंदावन में पूर्व में नाव चला करती थी कालांतर में आधुनिक रूप से स्टीमर संचालित होने लगे जिन पर सुरक्षा मानकों के साथ-साथ जीवन रक्षक उपकरण लाइफ जैकेट ट्यूब रस्सी आदि कोई सामान नहीं रहता है। यदि स्टीमर पर जीवन रक्षक उपकरण होते तो निश्चित काफी हद तक कुछ लोगों की जान बच सकती थी। नगर निगम और पुलिस प्रशासन को इस प्रकरण में भविष्य में गंभीरता से विचार करना होगा और स्टीमर और नाव में भ्रमण करने वाले लोगों के लिए अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट के अलावा जीवन रक्षक उपकरण पर्याप्त मात्रा में रखवाने होंगे। ताकि हादसे के बाद काफी कुछ हद तक हादसे को कम अथवा नियंत्रित किया जा सके।