राजभवन के समक्ष सैकड़ों विस्थापितों का धरना, 13 सूत्री मांगों पर अड़े

Update: 2026-04-09 13:22 GMT


रांची, 9 अप्रैल 2026: विस्थापित एवं स्थानीय समन्वय समिति के बैनर तले गुरुवार को राजभवन के समक्ष सैकड़ों की संख्या में विस्थापित एवं स्थानीय लोग 13 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना पर बैठ गए। आंदोलन में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं एवं युवा शामिल हुए।

धरना का नेतृत्व समिति के केंद्रीय अध्यक्ष दिनेश्वर मंडल कर रहे हैं, जबकि केंद्रीय सचिव सह झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा के मुख्य संयोजक महमूद आलम आंदोलन का संचालन कर रहे हैं। मौके पर समिति के केंद्रीय युवा नेता जितेंद्र यादव, सक्रिय सदस्य दिलेर आजाद, कुलेश्वर रवि दास, रोहित कुमार पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

धरना पर बैठे लोगों ने अपनी 13 सूत्री मांगों में विस्थापित परिवारों को ₹50,000 मासिक सहायता, सभी योग्य विस्थापितों को स्थायी रोजगार, भूमि अधिग्रहण के बदले उचित मुआवजा, मुफ्त बिजली-पानी एवं सिंचाई सुविधा, विस्थापितों को जमीन का मालिकाना हक, आवास की व्यवस्था, श्रमिकों को महंगाई के अनुसार उचित मजदूरी, CSR फंड में वृद्धि, आंदोलनकारियों को चिकित्सा, पेंशन व बीमा सुविधा, उद्योगों में विस्थापितों को प्राथमिकता, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार तथा अन्य बुनियादी अधिकारों को शामिल किया है।

इस दौरान केंद्रीय अध्यक्ष दिनेश्वर मंडल ने कहा कि “विस्थापितों के साथ वर्षों से अन्याय हो रहा है। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।”

वहीं केंद्रीय सचिव महमूद आलम ने कहा कि “यह लड़ाई हमारे अधिकार और सम्मान की है। सरकार और प्रशासन को हमारी जायज मांगों पर अविलंब कार्रवाई करनी होगी, अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा।”

धरना में शामिल लोगों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

Similar News