अलीगढ़ में स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन पर फेंका पत्थर, टूटे शीशे; बाल-बाल बची महिला यात्री
अलीगढ़। जयनगर से नई दिल्ली जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस पर कानपुर स्टेशन के नजदीक अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंक दिया। एक कोच की खिड़की का शीशा टूट गया, जिसके पास बैठी महिला बाल-बाल बच गई। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ ने महिला से जानकारी ली। आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिहार के सकरी जंक्शन से शांति देवी स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में सवार हुई थी। वह नई दिल्ली जा रहीं थीं। ट्रेन के कोच संख्या बी-2 में 39 नंबर सीट पर बैठी हुईं थी। मंगलवार को कानपुर स्टेशन से पहले अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिए। इससे कोच के बाहर की ओर से शीशे टूट गए।
आरपीएफ ने महिला से ली जानकारी
महिला बाल-बाल बच गई, लेकिन तेज आवाज से घबरा गई। इसकी सूचना महिला ने टीटी को दी। इसके बाद कंट्रोल रूम के अधिकारियों ने सूचना आरपीएफ को दी गई। ट्रेन के अलीगढ़ जंक्शन पर पहुंचने पर आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर रवि सिंह ने महिला से घटना की जानकारी ली। महिला ने घटना के बारे में विस्तार से बताया।