विश्व ब्राह्मण दिवस पर गोष्ठी आयोजित: परशुराम-चाणक्य के आदर्शों से समाज निर्माण का संकल्प
रिपोर्ट: मोहम्मद अफजल, डीडीयू नगर
डीडीयू नगर (चंदौली)।विश्व ब्राह्मण दिवस के उपलक्ष्य में केन्द्रीय ब्राह्मण महासभा, जनपद इकाई चंदौली द्वारा श्रीराम जानकी मंदिर, मैनाताली प्रांगण में एक भव्य विचार गोष्ठी एवं हवन पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष श्रीधर उपाध्याय ने की।
गोष्ठी का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन द्वारा हुआ, जिसमें समस्त जीवों के स्वास्थ्य, समृद्धि व कल्याण की कामना की गई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर विचार संगोष्ठी का विधिवत शुभारंभ हुआ।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में भगवान परशुराम के शौर्य, तप और धर्मरक्षा के संघर्षों को स्मरण करते हुए युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। वहीं आचार्य चाणक्य के कूटनीति, अर्थशास्त्र और राष्ट्र निर्माण में योगदान को रेखांकित किया गया। चाणक्य के त्यागमयी जीवन, सामाजिक प्रतिबद्धता और दूरदर्शिता को आज की पीढ़ी के लिए आदर्श बताया गया।
गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि परशुराम और चाणक्य जैसे महापुरुषों के आदर्शों पर चलकर ही समाज का सशक्त, समरस और आत्मनिर्भर निर्माण संभव है। साथ ही, संगठन की मजबूती और जनसेवा के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्रीधर उपाध्याय ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों का आभार प्रकट करते हुए घोषणा की कि वर्तमान जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। आगामी 22 जून को सायं 6 बजे मंदिर प्रांगण में बैठक आयोजित कर नई कार्यकारिणी का मनोनयन किया जाएगा।इस अवसर पर बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें कैप्टन विनोद उपाध्याय, डॉ. श्यामनंदन तिवारी, एन.के. मिश्रा, मदन गोपाल ओझा, संतोष पांडेय, गुप्तेश्वर पांडेय सहित समाज के अनेक बुद्धिजीवी, युवा और वरिष्ठ सदस्य शामिल रहे।कार्यक्रम का संचालन डॉ. कमलेश तिवारी ने किया।