गाजियाबाद में 4 साल की मासूम की हत्या : सगे मामा पर दरिंदगी के बाद हत्या का आरोप, इलाके में आक्रोश

Update: 2026-04-12 13:09 GMT

रिपोर्ट : विजय तिवारी

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के टीला मोड़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां चार वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि बच्ची का सगा मामा ही है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान थाना मोबाइल को सूचना मिली कि बीकानेर 80 फुटा रोड पर सड़क किनारे खड़ी एक कार के नीचे एक बच्ची का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई, जिसमें बच्ची की पहचान रहनुमा (उम्र 4 वर्ष), पुत्री रशीद, निवासी 60 फुटा रोड, शमशाद गार्डन पसौंडा के रूप में हुई।

जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। परिजनों के अनुसार, बच्ची का सगा मामा जमील उर्फ छोटू उसे घर से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद वह उसे एक किराए के कमरे में ले गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से बच्ची के शव को शालीमार गार्डन क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कार के नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर थाना टीला मोड़ में हत्या और पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोग दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

Similar News