भाजपा कार्यकर्ताओं की तुलना आर्केस्ट्रा से: यूट्यूबर की पोस्ट पर बवाल, साइबर सेल करेगी जांच
रिपोर्ट: मोहम्मद अफजल, डीडीयू नगर
मुगलसराय (चंदौली):खबर जनपद चंदौली से है जहां स्थानीय यूट्यूबर सोनू सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी माहौल गर्मा दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की तुलना "आर्केस्ट्रा की भीड़" से करने पर कार्यकर्ताओं ने तीव्र आपत्ति जताते हुए मुगलसराय कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। यह मामला अब साइबर क्राइम सेल की जांच के दायरे में आ गया है।
यूट्यूबर सोनू सिंह ने अपने फेसबुक पेज 'हेलो मित्र' पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसे भाजपा कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ अस्वीकार्य बताया, बल्कि पार्टी की गरिमा के खिलाफ भी बताया। 35 वर्षों से भाजपा से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ता विशाल तिवारी ने इसे पार्टी और कार्यकर्ताओं का अपमान करार देते हुए कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में नगर अध्यक्ष कुंदन सिंह, महामंत्री भारत चौहान, उपाध्यक्ष विशाल तिवारी, सभासद विकास सिंह, महेंद्र पटेल, नितिन गुप्ता, गोविंद केसरी, सुनील विश्वकर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष आशीष रघुवंशी सहित दर्जनों कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और यूट्यूबर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने भी विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की अशोभनीय भाषा और तुलना से कार्यकर्ताओं की छवि धूमिल करने की साजिश की जा रही है।
कोतवाल गगन राज सिंह ने बताया कि मामले की जांच साइबर क्राइम के तहत करवाई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता गीता रानी गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी और कार्यकर्ताओं की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे इस प्रकरण को प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष उठाएंगे।