प्रयागराज : गृहमंत्री के विरोध में पुतला जलाया, तीन सपाई गिरफ्तार, भेजे गए जेल
प्रयागराज सिविल लाइंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विरोध में पुतला जलाने पर शुक्रवार को तीन सपाई गिरफ्तार कर लिए गए। आरोप है कि वह बिना अनुमति प्रदर्शन करने पहुंचे थे और पुतला जलाकर अफरातफरी का माहौल कायम कर शांति व्यवस्था में खलल डाला। उन्हें सात दिन के लिए जेल भेज दिया गया है। तीनों समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारी हैं। घटना दोपहर 2:30 बजे के करीब हुई। करीब एक दर्जन युवक हाथों में पुतला लिए हुए सुभाष चौराहे पर पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। वह गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप लगाया कि उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया और अपने वक्तव्य के लिए गृहमंत्री माफी मांगे।
पुलिसकर्मियाें ने उन्हें रोका तो धक्कामुक्की भी हुई। जिसके बाद तीन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। जबकि अन्य को वहां से हटा दिया गया। हिरासत में लिए गए तीनों प्रदर्शनकारियों को थाने लाया गया।
इसी दौरान सरदार पटेल मार्ग पर खरबंदा चौराहे के पास पहुंचकर कुछ प्रदर्शनकारियों ने बारे से बनाए गए पुतले में आग लगा दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक प्रदर्शनकारी जा चुके थे।
उधर थाने में हुई पूछताछ में हिरासत में लिए गए तीनों युवकों ने अपना नाम सद्दाम अंसारी निवासी नहवाई मांडा रोड, शिवा केशवानी निवासी तालाब नवल राय कीडगंज और अंशू यादव निवासी गोडवा थरवई बताया। तीनों समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारी हैं।
इनमें से शिवा महानगर अध्यक्ष, सद्दाम जिला महासचिव और अंशू जिला उपाध्यक्ष है। प्रभारी थाना सिविल लाइंस रामाश्रय यादव ने बताया कि तीनों का शांतिभंग में चालान किया गया। कोर्ट में सात दिन की रिमांड मंजूर होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।