रामपुर: सपा प्रदेश सचिव का पिस्टल लाइसेंस निरस्त, पेट्रोल पंप सील, आईओसी अधिकारी पर बेटे ने की थी फायरिंग

Update: 2026-03-21 11:58 GMT

सिविल लाइंस क्षेत्र में इंडियन ऑयल कंपनी के फील्ड ऑफिसर अनिल कुमार की कार पर फायरिंग मामले में डीएम ने सपा के प्रदेश सचिव सुरेंद्र सागर की पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। साथ ही उनके एक पेट्रोल पंप को सील किया गया है।

दूसरे पेट्रोल पंप की जांच चल रही है। उधर, सुरेंद्र सागर ने दोनों पेट्रोल पंप अपने जानने वाले के बताए हैं। आवास विकास कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले इंडियन ऑयल कंपनी के अधिकारी के घर के बाहर 14 जनवरी रात उनकी कार पर फायरिंग हुई थी।

पुलिस की जांच में सामने आया था कि फायरिंग करने वाले सपा नेता सुरेंद्र सागर का बेटा हिमांशु सागर और उसके चचेरे भाई नितिन हैं। हालांकि उस समय सुरेंद्र सागर बसपा में थे। पुलिस ने दो माह पहले दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

पुलिस ने इस मामले में डीएम को रिपोर्ट भेजी थी। एएसपी अनुराग सिंह के अनुसार घटना में प्रयुक्त पिस्टल सुरेंद्र सागर की थी। उनके बेटे ने उसका प्रयोग किया था। जो लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन है।

पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने सुरेंद्र सागर का पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कर दिया। इसके अलावा उनके दो पेट्रोल पंप की जांच की गई। जांच में शाहबाद स्थित पेट्रोल पंप में अनियमितता पाई गई। इस कारण पंप को सील कर दिया। दूसरे पंप की जांच चल रही है।

पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर सुरेंद्र सागर की पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। एक पेट्रोल पंप को अनियमितता के चलते सील किया गया है। दूसरे की जांच जारी है।

अजय कुमार द्विवेदी, डीएम रामपुर

पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने की सूचना है। एक पंप सील कर दिया गया है। ये उनके दोस्त का है। दूसरा पेट्रोल पंप की जांच की जा रही है। ये भी उनके मित्र का है। प्रशासन ने पंप सील करने का कारण नहीं बताया है। सु

रेंद्र सागर, प्रदेश सचिव सपा

Similar News