लखनऊ में अकीदत और उल्लास के साथ मनाई गई ईद, ऐशबाग ईदगाह पर उमड़ा जनसैलाब
लखनऊ, उत्तर प्रदेश। लखनऊ में शनिवार को ईद का पर्व पूरे हर्षोल्लास, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। हाई अलर्ट के बीच शहर में अलग-अलग समय पर ईद की नमाज अदा की गई।
शहर के प्रमुख ऐशबाग ईदगाह में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यहां करीब 50 से 60 हजार लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
प्रशासन और धर्मगुरुओं के समन्वय से ईद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
ईद के इस खास मौके पर कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां भी ऐशबाग ईदगाह पहुंचीं। इनमें अखिलेश यादव, दिनेश शर्मा, अजय राय और रीता बहुगुणा जोशी शामिल रहे। सभी ने नमाजियों को ईद की बधाई दी और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
इससे पहले शुक्रवार को चांद दिखने के बाद शनिवार को ईद मनाने का ऐलान किया गया था। 29 रमजान को चांद नजर नहीं आने के कारण 30 रमजान को इसकी पुष्टि की गई।
इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद ने नमाजियों से अपील की कि वे सड़कों पर नमाज अदा न करें और प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें। उन्होंने सभी देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं भी दीं।
कुल मिलाकर राजधानी लखनऊ में ईद का त्योहार शांति, सौहार्द और भाईचारे के संदेश के साथ संपन्न हुआ।