बिलारी में 160 जरूरतमंदों को मिले कंबल
बिलारी। ठंड और शीतलहर से बचाव के लिए नगर के अंबेडकर पार्क में आईटीएम ट्रस्ट कुंदरकी के तत्वावधान में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुरादाबाद की बिलारी विधानसभा से सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान शामिल हुए, जिन्होंने करीब 160 जरूरतमंद वृद्ध व विधवा महिलाओं को कंबल वितरित किए।
इस अवसर पर विधायक मोहम्मद फहीम इरफान ने कहा कि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की सेवा करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया साल सभी के जीवन में सुख, शांति और तरक्की लेकर आए।
विधायक ने अपने संबोधन में बताया कि यह सेवा कार्य उनके ससुर स्वर्गीय बाबू शरीफुद्दीन पाशा की स्मृति में किया जा रहा है, जो हर वर्ष नव वर्ष के अवसर पर बिलारी आकर कंबल वितरण किया करते थे। समाज के कमजोर वर्गों की सेवा उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य रहा।
कार्यक्रम में ट्रस्ट परिवार के सदस्य आरिफ पाशा, आसिफ पाशा, शहनाज परवीन सहित सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने संयुक्त रूप से कंबल वितरित किए।
कंबल वितरण कार्यक्रम में शेरपुर माफी, असालतपुर, मुड़िया भीकम, मिलक नागलिया जट, टांडा अमरपुर, मनकुला, सतारन, विचोला कुंदरकी, इशापुर, मीरापुर माफी, धनिया खेड़ा सहित कई गांवों के जरूरतमंद लोग मौजूद रहे।
इस दौरान सद्दाम सैफी ग्राम प्रधान, हप्पू राजा सभासद, कुर्बान प्रधान, बाकर यूनुस प्रधान, पूर्व प्रधान रियाज अहमद, अरविंद सिंह, छात्रपाल जाटव, डॉ. कुंवर सिंह जाटव, के.के. नवल, रामवीर सिंह, बादाम सिंह जाटव, विजयपाल सिंह जाटव, सूरज सिंह जाटव, प्रेम किशोर, जसवंत सिंह, डॉ. विजयदीप, अतर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
— वारिस पाशा, बिलारी