खरखौदा। मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने नालपुर गांव में पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर द्वारा आयोजित ईश्वर गुर्जर के आवास पर एक सभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। भाजपा सरकार की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह काम कर रही है। कहा कि जिस तरह अंग्रेजों ने ईस्ट इंडिया कंपनी के माध्यम से हिंदुस्तान की जनता को लूटा था। उसी तरह भाजपा सरकार के लोग उत्तर प्रदेश का पैसा लूट कर गुजरात के विकास में लगा रहे हैं।
कहा कि भाजपा सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। भाजपा की सरकार में किसान और मजदूर परेशान है। किसान को गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। किसान को खाद के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। कहा कि भाजपा सरकार में किसान को लाइन में लगने के बाद दो-चार बोरे खाद मिल रहा है।
दावा करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार ने विपक्ष के संवैधानिक अधिकारों को छीन लिया है। प्रदेश में सबसे महंगी बिजली दी जा रही है। कहा कि छोटे किसानों और मजदूर पर ऊर्जा निगम की टीम द्वारा छापेमारी कराई जा रही है। इसके बावजूद विभाग का रेवेन्यू घट रहा है।
सपा सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए कहा कि किसान को समय पर खाद मिलता था, और किसानों पर छापेमारी नहीं होती थी। वर्तमान सरकार में किसान और गरीब मजदूर का शोषण किया जा रहा है। कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। प्रदेश का प्रत्येक व्यक्ति भ्रष्टाचार की मार झेल रहा है।
पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर ने समाजवादी पार्टी की सरकार द्वारा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की उपलब्धि गिनाई। उसके बाद राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव का फफूंडा स्थित सपा नेता अंशुल गुर्जर के आवास पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया। उसके बाद शिवपाल यादव कार्यकर्ताओं के साथ फफूंडा स्थित किंग पैलेस में डा. नासिर अली के पारिवारिक समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनियुक्त जिला अध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी और संचालन इंद्रमुनि त्यागी ने किया। इस अवसर पर शशि पिंटू राणा, भगत सिंह वर्मा, शक्ति गुर्जर,नवाजिश, संदीप, प्रताप पहलवान, प्रमोद खड़खड़ी, महेश त्यागी समेत आदि लोग उपस्थित रहे।