बुजुर्ग परिवार की धरोहर, संवाद ही उनका संबल — महसी में अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत कार्यक्रम सम्पन्न
आनन्द गुप्ता /अनवार खाँ मोनू
बहराइच। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार तथा समाज कल्याण विभाग उ.प्र. के अंतर्गत भारतीय ग्रामोत्थान सेवा विकास संस्थान द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत विकास खंड महसी के नरोत्तमपुर, बदरका और लोधौनी में अंतरपीढ़ीगत जुड़ाव व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नरोत्तमपुर में ब्रह्मादत्त बाजपेयी ने कहा कि बुजुर्गों की शारीरिक क्षमता भले घटे, पर परिवार का मनोबल उनके लिए सबसे बड़ा सहारा है। आजाद सिंह और अयोध्या प्रसाद तिवारी ने बुजुर्गों को परिवार की धरोहर बताते हुए उनके सम्मान व देखभाल पर जोर दिया।
प्रशिक्षक सतीश कुमार वाजपेयी ने वृद्धजनों के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं, हेल्पलाइन 14567 तथा प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उन्हें सुरक्षित व सम्मानजनक जीवन देने की जरूरत पर बल दिया।
कार्यक्रम में संस्था प्रबंधक संजय अवस्थी ने भी सरकार द्वारा संचालित वृद्धजन हितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और कहा कि बुजुर्गों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संस्था निरंतर कार्य कर रही है।
प्राचार्य देवकी नंदन विश्वकर्मा, शिवपूजन, शहबान खान, छन्नू लाल विश्वकर्मा व अन्य शिक्षकों ने छात्रों को बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील होने का संदेश दिया। प्रतिभागी छात्रों को पुरस्कार भी वितरित किए गए।
लोधौनी में आयोजित कार्यक्रम में धर्मेंद्र शुक्ल और नीरज आर्य ने भी बुजुर्गों की देखभाल को सामाजिक जिम्मेदारी बताया। कार्यक्रम का संचालन कृष्ण कुमार बाजपेयी ने किया।