अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में लोक आस्था का महापर्व छठ आज बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही लाखों की संख्या में माताएँ और बहनें श्रद्धालु भाव से सरयू नदी के पावन तट पर पहुँचकर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हुए अपने परिवार, समाज और देश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इसी क्रम में समाजसेवी संस्थान अयोध्या के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव ने भी अपने परिवार सहित छठ पर्व के अवसर पर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर विश्व कल्याण और मानव कल्याण की मंगल कामना की।
उन्होंने बताया कि आगामी 5 नवंबर को माँ सरयू के पावन तट पर देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें 5100 दीपों से आरती की जाएगी। इस कार्यक्रम की तैयारियाँ समाजसेवी संस्थान अयोध्या धाम द्वारा शुरू कर दी गई हैं।
सुरेश यादव ने कहा कि छठ उत्सव लोक आस्था और आध्यात्मिकता का पावन पर्व है, जिसमें माताएँ और बहनें डूबते तथा उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार और देश की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
इस अवसर पर घाटों पर जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं स्वच्छता की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई, जो सराहनीय रही।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अयोध्या में छठ उत्सव का पर्व भव्यता के साथ मनाया गया। सरयू नदी के तट पर मेले जैसा वातावरण और धार्मिक उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु महिलाएँ जहाँ छठी मइया के भजन गा रही थीं, वहीं अनेक स्थानों पर भक्तजन नृत्य और कीर्तन में लीन दिखे। पूरा वातावरण भक्ति और आस्था के रंग में रंगा हुआ प्रतीत हो रहा था।