सपा अध्यक्ष बोले, भाजपा सरकार किसानों की बर्बादी की जिम्मेदार

Update: 2019-11-02 13:12 GMT

सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में जबसे भाजपा सत्ता में आई है किसानों की दुर्दशा बढ़ती जा रही है। किसानों के प्रति जबानी जमा खर्च की हमदर्दी दिखाते हुए बातें तो बड़ी-बड़ी की जाती हैं लेकिन हकीकत में भाजपा पूंजी घरानों की किस्मत संवारने में लग जाती है।

गन्ना व धान किसान और आलू उत्पादक, सब परेशान हैं। खेती किसानी उनके लिए घाटे का सौदा हो रही है। इसलिए कृषि क्षेत्र में लगातार इसीलिए गिरावट आती जा रही है। किसानों की खेती से मोहभंग की स्थिति गंभीर परिणामों की चेतावनी दे रही है।

अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बयान में कहा कि राज्य सरकार ने अभी तक गन्ने का राज्य परामर्शी मूल्य (एसएपी) घोषित नहीं किया है जबकि 2019-20 का पेराई सत्र चालू हो चुका है।

खाद, बीज, पानी, बिजली, कीटनाशक, डीजल सभी की कीमतें बहुत बढ़ गई है। पिछली फसलों में हुए नुकसान के चलते किसान कर्ज में डूबा हुआ है। परेशानी और अवसाद में सैकड़ों किसान आत्महत्या तक कर चुके हैं।

किसान की व्यथा सुनने वाला कोई नहीं। धान के क्रय केंद्र अभी तक नहीं खुले हैं। ऐसे में दलाल और आढ़तिए किसानों को औने-पौने दाम में अपनी

फसल बेचने को मजबूर कर रहे हैं। यही हाल आलू किसानों का है। भाजपा सरकार किसानों की बर्बादी की जिम्मेदारी से नहीं बच सकती है।

Similar News