उपचुनाव : करिश्मा ठाकुर ने अजय कपूर पर फोड़ा हार का ठीकरा

Update: 2019-10-31 11:00 GMT

कानपुर, । गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में हुई हार के बाद कांग्रेस में अंदरखाने चल रही रार भी सामने आ गई है। उपचुनाव में प्रत्याशी रहीं करिश्मा ठाकुर ने पूर्व विधायक अजय कपूर पर भाजपा को जिताने और उन्हें हरवाने का आरोप लगाकर मोर्चा खोल दिया है। राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा को ई-मेल से जानकारी देने के बाद बुधवार को उनसे मुलाकात की। प्रियंका ने दोषी पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। करिश्मा ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को भी शिकायती पत्र सौंपा जिसमें आरोप लगाया कि पूर्व विधायक ने पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल को भी चुनाव हरवाया था। हालांकि पूर्व विधायक ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

दीपावली का त्योहार खत्म होते ही करिश्मा अपने पिता राजेश सिंह के साथ मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष से मिलने गईं। उनके साथ पूर्व विधायक संजीव दरियाबादी भी थे जो श्रीप्रकाश जायसवाल के करीबी माने जाते हैं। मामला इतने पर ही खत्म नहीं हुआ। बुधवार को वह प्रियंका वाड्रा से मिलने गईं। करिश्मा ने बताया कि चुनाव की पूरी रिपोर्ट उन्होंने पहले ही राष्ट्रीय महासचिव को ई-मेल कर दी थी। बुधवार को मुलाकात में राष्ट्रीय महासचिव ने उन्हें आश्वस्त किया है कि पार्टी के भीतर रहकर विरोध करने वालों पर जल्द कार्रवाई होगी। उन्होंने लगातार जनता के बीच रहने को कहा है।

वाट्सएप पर भी निकाली भड़ास

करिश्मा के पिता ने शहर कांग्र्रेस कमेटी के वाट्सएप ग्र्रुप पर एक पोस्ट डाली जिसमें उन्होंने अजय कपूर पर करिश्मा को चुनाव हराने का आरोप लगाया। अजय को पार्टी से निकाले जाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाने का भी आह्वïान किया। इसकी प्रतियां प्रियंका वाड्रा को सौंपने की बात कही।

इनका ये है कहना

चुनाव के वक्त उन्होंने कुछ नहीं कहा। करिश्मा को टिकट के लिए प्रियंका जी से सिफारिश की थी। चुनाव में मेरे वीडियो का इस्तेमाल किया। कई मंच पर उनके साथ रहा। इसके बाद भी आरोप लगा रहे हैं। ये बेबुनियाद, निराधार हैं। चुनाव में ऐसे आरोप लगते रहते हैं।

- अजय कपूर, पूर्व विधायक।

करिश्मा के साथ प्रदेश अध्यक्ष से मिलने गया था। वहां राजेश सिंह ने पत्र देकर शिकायत की थी। उसी समय मुझे भी इसकी जानकारी हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने जल्द निर्णय लेने की बात कही है।

-संजीव दरियाबादी, पूर्व विधायक।

इसकी कोई जानकारी नहीं है। एक पदाधिकारी ने फोन पर सूचना जरूर दी थी। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष या करिश्मा के बात करने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा।

-हरप्रकाश अग्निहोत्री, निवर्तमान अध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी।  

Similar News